राजद अल्पसंख्यक और पिछड़े समाज की आवाज बनेगी: मुफ्ती कासमी

राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर कासमी से प्रबुद्ध लोगों ने मुलाकात कर बधाई दी, संगठन विस्तार पर भी हुई चर्चा।

राँची : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर कासमी से मंगलवार को अल्पसंख्यक समाज के प्रबुद्ध और बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान लोगों ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। बैठक में राज्य में अल्पसंख्यक समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों और संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर कासमी ने कहा कि राजद अल्पसंख्यक और पिछड़े समाज की आवाज को मजबूती से उठाती रही है और आगे भी उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में अल्पसंख्यक समाज के सामने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर कई चुनौतियां हैं, जिनका सामना एकजुट होकर किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज के युवाओं को रोजगार से जोड़ना, शिक्षा के अवसरों को बेहतर करना और उन्हें उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि राजद समाज के हर उस वर्ग के साथ खड़ी है, जो अपने अधिकारों और विकास के लिए प्रयासरत है।

मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर कासमी ने संगठन के विस्तार को लेकर भी अपनी रूपरेखा साझा की। उन्होंने कहा कि जल्द ही राज्य स्तर पर अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के संगठन का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों के साथ लगातार संवाद किया जाएगा। इसके जरिए स्थानीय स्तर पर सामने आने वाले मुद्दों को संगठन के मंच तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।

मुलाकात के दौरान मो. आकिब सुहैल, तौसीफ अहमद खान, सैयद शाह इमाम, रिजवी छब्बन और अमरिंदर मिश्रा समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *