रांची : जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी-20 क्रिकेट मैच को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र मनोज कौशिक ने स्टेडियम और आसपास के इलाकों का विस्तृत निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मैच को लेकर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और दर्शकों की सुविधा से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्टेडियम में प्रवेश और निकास व्यवस्था, पार्किंग, दर्शकों की सुरक्षा तथा खिलाड़ियों और दोनों टीमों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की।
इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी और पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह सहित जेएससीए के अध्यक्ष, सचिव, अन्य पदाधिकारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने स्टेडियम एवं उसके आसपास के महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही मैच के दौरान संभावित भीड़ और यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की तैयारियों की समीक्षा की गई।
आकस्मिक स्थिति से निपटने की भी तैयारी
निरीक्षण के दौरान मैच के दौरान किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए की गई तैयारियों पर भी चर्चा हुई। एडीजी सह आईजी मनोज कौशिक ने संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पहले से पूरी रखने को कहा। अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने तथा सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
रांची पुलिस के अनुसार मैच के दौरान आम नागरिकों, दर्शकों, खिलाड़ियों और अन्य संबंधित लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं।
पुलिस ने दर्शकों और आम लोगों से अपील की है कि मैच के दौरान पुलिस-प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
आदित्य राज की रिपोर्ट


