मैदान में हॉकी स्टिक, अखड़े में मांदर, ऐसा है भूषण बाड़ा का अंदाज

सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा हॉकी और खेलों के साथ आदिवासी संस्कृति को बढ़ावा दे रहे हैं, ग्रामीणों से जुड़ने और उनकी समस्याएं जानने के लिए डिजिटल पहल भी की।

 

सिमडेगा : सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा क्षेत्र भ्रमण के दौरान अपने अलग अंदाज और ग्रामीणों से सीधे जुड़ने की शैली को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। कभी कंधे पर मांदर टांगकर ग्रामीणों के साथ पारंपरिक नृत्य में शामिल होते हैं तो कभी खुद ही ग्रामीणों की टोली में कदम मिलाते नजर आते हैं। हॉकी के मैदान में हॉकी स्टिक थामकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हैं, वहीं क्रिकेट मैदान में बैट और बॉल लेकर खिलाड़ियों के साथ खेलते भी दिखाई देते हैं।

ग्रामीणों को अपनी समस्याएं बताने के लिए विधायक के आवास तक आने की जरूरत न पड़े, इसके लिए ‘भूषण बाड़ा’ मोबाइल एप की शुरुआत की गई है। इस डिजिटल माध्यम के जरिए सड़क, पानी, बिजली और राशन जैसी स्थानीय समस्याओं की जानकारी उपलब्ध कराने की सुविधा दी गई है।

विधायक की गतिविधियों में हॉकी के साथ झारखंड की पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल भी नजर आती है। वे हॉकी प्रतियोगिताओं के साथ आदिवासी नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन भी कराते रहे हैं। वहीं क्षेत्र में हाथियों के पहुंचने की सूचना मिलने पर वे रात में भी ग्रामीणों के बीच पहुंचते हैं। कई मौकों पर ग्रामीणों के साथ मशाल लेकर खेतों और गांव की ओर बढ़ रहे हाथियों को खदेड़ने में भी शामिल रहे हैं। रात का अंधेरा, जंगल की पगडंडी और हाथियों का खतरा भी ऐसे मौकों पर ग्रामीणों के बीच पहुंचने से उन्हें नहीं रोकता।

नेता के साथ कलाकार भी, मांदर की थाप पर थिरकते हैं विधायक

आदिवासी बहुल सिमडेगा में अखड़ा केवल नाच-गान का स्थान नहीं, बल्कि गांव के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन का अहम हिस्सा है। यही कारण है कि गांव पहुंचने पर भूषण बाड़ा कई बार मंच से पहले अखड़े में नजर आते हैं। कंधे पर मांदर टांगकर ग्रामीणों के साथ पारंपरिक नृत्य में शामिल होना उनके क्षेत्र भ्रमण की खास तस्वीर बन गई है।

मांदर की थाप के बीच जब विधायक ग्रामीणों के साथ कदम मिलाते हैं तो कुछ देर के लिए मंच और प्रोटोकॉल पीछे छूट जाते हैं। उनके अनुसार, वे एक महीने में कई स्थानों पर मांदर और नगाड़ा बजा चुके हैं। अखड़े में वे मांदर और नगाड़ा बजाने में भी सक्रिय रूप से हिस्सा लेते हैं। उनके इस अंदाज की स्थानीय स्तर पर लोग सराहना करते रहे हैं।

मैदान में नजर आता है खिलाड़ी वाला अंदाज

भूषण बाड़ा खुद हॉकी के खिलाड़ी रहे हैं। खिलाड़ियों के बीच पहुंचने पर वे आज भी हॉकी स्टिक थाम लेते हैं और गेंद के साथ ड्रिबलिंग कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हैं। क्रिकेट मैदान में भी बैट और बॉल हाथ में लेकर खिलाड़ियों के बीच उनकी मौजूदगी देखी जाती है।

विधायक की इन गतिविधियों में खेल, संस्कृति और ग्रामीणों से सीधा संवाद एक साथ नजर आता है। वहीं ‘भूषण बाड़ा’ मोबाइल एप के जरिए स्थानीय लोगों को सड़क, पानी, बिजली, राशन समेत अन्य समस्याओं की जानकारी डिजिटल माध्यम से देने की सुविधा उपलब्ध कराने की कोशिश की गई है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *