मनोज सिन्हा
धनबाद : सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के बलियापुर प्रखंड अंतर्गत मुकुन्दा पंचायत के तिलाटांड़ गांव में भाजपा झारखंड प्रदेश कार्य समिति सदस्य तारा देवी ने स्वर्गीय इंद्रजीत मोदक के आवास पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने माता-पिता को खो चुकी तीनों बच्चियों से मिलकर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
जानकारी के अनुसार, इंद्रजीत मोदक का लगभग तीन वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद परिवार की जिम्मेदारी उनकी पत्नी गीता देवी संभाल रही थीं। कुछ दिन पहले बीमारी के दौरान उनका भी असामयिक निधन हो गया। माता-पिता दोनों के निधन के बाद तीनों बेटियां गंभीर पारिवारिक संकट का सामना कर रही हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर तारा देवी शोक संतप्त परिवार के घर पहुंचीं। उन्होंने बच्चियों का हालचाल जाना, परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और अपनी ओर से यथासंभव आर्थिक सहयोग प्रदान किया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में समाज और सभी सक्षम लोगों को ऐसे परिवारों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर बलियापुर पश्चिमी मंडल अध्यक्ष सुनील मोदक, मंटू रवानी, बिरंची सिंह, जयराम रवानी, मुक्तेश्वर महतो, कुलदीप साव, नरेश महतो, बदल रवानी, हरे कृष्णा रवानी और प्रबीर मुखर्जी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत इंद्रजीत मोदक और गीता देवी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा तीनों बच्चियों के उज्ज्वल भविष्य और उन्हें इस कठिन समय से उबरने की शक्ति मिलने की कामना की।




