अवैध सखुआ लकड़ी लेकर जा रहा था टाटा 207, वनकर्मियों को देख चालक फरार

देवपहाड़ मोड़ के पास तड़के तीन बजे वन विभाग ने की कार्रवाई, 16 बोटा सखुआ लकड़ी लदा टाटा 207 पिकअप जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू की।

साहिबगंज : वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 16 बोटा सखुआ लकड़ी लदे टाटा 207 पिकअप वाहन को जब्त किया है। शुक्रवार की सुबह करीब तीन बजे एडीबी रोड स्थित देवपहाड़ मोड़, बान्झी के पास यह कार्रवाई की गई। वन विभाग की टीम को मौके पर देखकर वाहन चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन से अवैध रूप से सखुआ की लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर वाहन को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान चालक की नजर वनकर्मियों पर पड़ी। कार्रवाई की आशंका को देखते हुए वह वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला।

इसके बाद वनकर्मियों ने पिकअप की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 16 बोटा सखुआ की लकड़ी बरामद हुई। वन विभाग की टीम ने लकड़ी समेत टाटा 207 पिकअप को जब्त कर लिया। फरार चालक की पहचान और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

यह कार्रवाई उप वन परिसर पदाधिकारी अंकित झा के नेतृत्व में की गई। अभियान में वन विभाग के अन्य वनकर्मी भी शामिल थे। विभाग की ओर से मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वन विभाग अवैध लकड़ी के कारोबार और वन संपदा की तस्करी पर रोक लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, वन संपदा के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.