सिमडेगा में JTET परीक्षा को लेकर अलर्ट, 11 केंद्रों पर CCTV से निगरानी

1 नवंबर को सिमडेगा के 11 केंद्रों पर होगी JTET-2026 परीक्षा, उपायुक्त कंचन सिंह और एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने सुरक्षा, तलाशी और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश।

 

सिमडेगा : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए सिमडेगा जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। आगामी 1 नवंबर को जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा की तैयारियों और विधि-व्यवस्था की समीक्षा के लिए उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में ब्रीफिंग बैठक हुई। इसमें पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को परीक्षा संचालन, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, अभ्यर्थियों की सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से संबंधित जिम्मेदारियां सौंपी गईं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

कदाचार पर जीरो टॉलरेंस, केंद्रों पर होगी निगरानी

उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कदाचार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सभी केंद्राधीक्षकों और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर बिजली, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर पुरुष और महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के साथ अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाएगी। महिला और पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी अलग-अलग होगी तथा इसके लिए अलग कर्मी प्रतिनियुक्त रहेंगे।

मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, कतार प्रबंधन और सुरक्षा जांच की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सुविधाएं देने और प्रत्येक केंद्र पर प्राथमिक चिकित्सा किट उपलब्ध रखने को भी कहा गया।

द्वितीय पाली की परीक्षा के लिए विशेष तैयारी

उपायुक्त ने दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र और परीक्षा सामग्री के हस्तांतरण के लिए समय सीमित रहेगा। इसलिए केंद्राधीक्षकों को परीक्षा कक्षवार रोल नंबर सूची पहले से तैयार कर उसका प्रिंट सुरक्षित रखने और प्रत्येक कक्ष के लिए अलग-अलग कर्मियों की जिम्मेदारी तय करने को कहा गया।

प्रश्नपत्रों की सुरक्षित और समयबद्ध आपूर्ति, परीक्षा केंद्रों के सैनिटाइजेशन तथा निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए टाउन हॉल और आनंद भवन सहित निर्धारित स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

जाम से निपटने के लिए दो जेसीबी की व्यवस्था

पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने कहा कि परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। बस स्टैंड सहित प्रमुख आवागमन स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। कोलेबिरा घाटी में संभावित जाम से निपटने के लिए दो जेसीबी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है, ताकि सड़क जाम होने की स्थिति में रास्ता साफ कर यातायात जल्द बहाल किया जा सके।

इसके अलावा जिले के होटल और लॉज का निरीक्षण करने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। परीक्षा के दौरान अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर रोक लगाने के लिए साइबर सेल को व्हाट्सएप, फेसबुक, टेलीग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ग्रुपों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को सोशल मीडिया के माध्यम से अभ्यर्थियों तक परीक्षा संबंधी जरूरी सूचनाएं पहुंचाने तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर रूट मैप और प्रतिबंधित गतिविधियों से संबंधित बैनर लगाने को कहा गया।

दो पालियों में होगी परीक्षा, प्रवेश का समय जानना जरूरी

जिला प्रशासन के अनुसार, उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 6 से 8 के लिए परीक्षा पहली पाली में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा।

वहीं, प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 1 से 5 के लिए परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी। दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक केंद्र में प्रवेश करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

बैठक में अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो, अनुमंडल पदाधिकारी सुमन्त तिर्की, डीएसपी रणवीर सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक, पुलिस पदाधिकारी और संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.