जानकारी के मुताबिक, बिहार के डुमरिया निवासी धनंजय यादव का छह वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार कौवाखोह निवासी अपने फूफा राजदेव यादव के घर रह रहा था। मंगलवार की देर शाम उसकी बुआ घर के समीप स्थित मंदिर में दीप जलाने जा रही थीं। अंकुश भी उनके पीछे घर से निकल गया, लेकिन इसकी जानकारी उसकी बुआ को नहीं थी।
इसी दौरान कौवाखोह के पास एनएच-139 पार करते समय एक अनियंत्रित कार ने बालक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल घायल अंकुश को हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
प्राथमिक उपचार के बाद किया गया रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोपाल प्रसाद और डॉ. अरविंद कुमार ने बालक का प्राथमिक उपचार किया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी उसे आगे के उपचार के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
घटना में शामिल कार का नंबर सीजी 04 एमडी 4105 बताया गया है। बालक के ममेरे भाई बिट्टू कुमार ने बताया कि अंकुश की हालत अब भी चिंताजनक है और उसका इलाज जारी है।
हादसे के बाद परिजन बालक के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं। एनएच-139 पर हुई इस घटना ने सड़क पार करते समय बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।




