फतेहपुर : संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित समरसता संकल्प यात्रा का बहुआ मंडल में भव्य स्वागत किया गया। अयाहशाह विधानसभा क्षेत्र के बहुआ मंडल में आयोजित कलश वंदन एवं पूजन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
यात्रा के दौरान शाह, खटौली, सिधाव, मुत्तौर, दतौली सहित विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, पूजन और वंदन कर स्वागत किया गया। इस दौरान लोगों ने संत रविदास महाराज के सामाजिक समरसता, समानता और मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
भाजपा जिला महामंत्री पंकज त्रिवेदी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवनकाल में समाज को समानता, भाईचारे और मानव सेवा का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उनके विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है। समरसता संकल्प यात्रा इसी उद्देश्य के साथ समाज को एकजुट करने का कार्य कर रही है।
जिला सह संयोजक प्रसून तिवारी ने कहा कि संत रविदास महाराज के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और समरसता को मजबूत करने का माध्यम है। सभी लोगों को संत रविदास के बताए मार्ग पर चलते हुए समतामूलक समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में बहुआ मंडल अध्यक्ष संजय सिंह, अखिलेश, प्रशांत सिंह, सुशील सिंह चंदेल, अखिलेश तिवारी, सुमित तिवारी, मनोज निषाद, गोरे लाल प्रजापति, राजा सिंह, चिदानन्द, राजेश, विमल, विवेक तिवारी, राकेश सिंह, अमर सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, श्रद्धालु और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




