मनीष सिन्हा
धनबाद : केन्दुआडीह में भू-धंसान और गैस रिसाव के कारण क्षतिग्रस्त हुई धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क की स्थिति का पता लगाने के लिए शुक्रवार से खुदाई कार्य शुरू कर दिया गया। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से प्रभावित हिस्से की जांच प्रक्रिया शुरू की है।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि पिछले छह-सात महीनों से बंद पड़ी धनबाद-बोकारो सड़क को जनहित में दोबारा शुरू करने को लेकर 7 जुलाई 2026 को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार, धनबाद, वरीय पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधियों, BCCL और विभिन्न तकनीकी संस्थानों के साथ बैठक की गई थी।
बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित क्षेत्र की वास्तविक स्थिति जानने के लिए वैज्ञानिक तरीके से खुदाई और जांच कराने का सुझाव दिया था। इसके बाद BCCL ने खुदाई कार्य के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की और शुक्रवार से मशीनों के माध्यम से कार्य प्रारंभ किया गया।
खुदाई स्थल पर BCCL की तकनीकी टीम के साथ सुरक्षा बलों और तकनीकी संस्थानों के विशेषज्ञों की टीम भी मौजूद है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे कार्य क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया है।
प्रशासन के अनुसार खुदाई पूरी होने और तकनीकी रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह तय किया जाएगा कि बंद सड़क को दोबारा चालू करना सुरक्षित होगा या नहीं। सड़क की स्थिति और भूगर्भीय जोखिम का आकलन विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने आम लोगों से अपील की है कि वे खुदाई वाले क्षेत्र से दूरी बनाए रखें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें।




