मनीष सिन्हा
रांची : झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायक और पार्टी के सचेतक राज सिन्हा ने राज्य के युवाओं, शिक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते हुए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने JPSC और JSSC द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित प्रश्नपत्र लीक, अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिए CBI जांच कराने की मांग रखी।
विधानसभा में कार्यस्थगन सूचना के माध्यम से विधायक राज सिन्हा ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों से राज्य के लाखों मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं का विश्वास प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 प्रत्येक नागरिक को समान अवसर और निष्पक्ष प्रतियोगिता का अधिकार देते हैं। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता युवाओं के अधिकारों को प्रभावित करती है। उन्होंने सरकार से तत्काल CBI जांच शुरू कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि युवाओं का भरोसा फिर से कायम हो सके।
विधायक ने विधानसभा में राज्य के प्राथमिक और मध्य विद्यालयों की स्थिति का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि धनबाद विधानसभा क्षेत्र सहित झारखंड के करीब 35,500 प्राथमिक और मध्य विद्यालयों को पिछले दो वर्षों से विकास अनुदान की राशि नहीं मिली है। इसके कारण विद्यालयों में मरम्मत, रंग-रोगन, साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था, स्टेशनरी और अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
राज सिन्हा ने सरकार से जल्द से जल्द विद्यालय विकास अनुदान जारी करने की मांग की, ताकि सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
इसके अलावा उन्होंने धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) और सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े विषय भी विधानसभा में उठाए। उन्होंने कुपोषित बच्चों के उपचार के लिए संचालित माल न्यूट्रिशन ट्रीटमेंट सेंटर (MTC), ऑक्सीजन प्लांट की स्थिति, ऑडियोमेट्री जांच सुविधा, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी पर सरकार से जवाब मांगा।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि झारखंड के युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, निष्पक्ष प्रतियोगी परीक्षाएं और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं और आम जनता के अधिकारों के लिए सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष जारी रखेगी और भ्रष्टाचार तथा जनहित की अनदेखी को स्वीकार नहीं किया जाएगा।




