प्रतापगढ़ : किसानों को निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। पट्टी तहसील क्षेत्र के बंधवा बाजार में उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह किसान बनकर खाद की दुकान पर पहुंचे और ओवररेटिंग की जांच की।
उप कृषि निदेशक मेसर्स मातासरन खाद बीज भंडार पर किसान बनकर यूरिया खरीदने पहुंचे। इस दौरान विक्रेता ने यूरिया की एक बोरी 340 रुपये में देने की बात कही। इसके बाद अधिकारी ने अपनी पहचान बताई और प्रतिष्ठान की जांच शुरू की।
जांच के दौरान यूरिया को निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचने और पीओएस मशीन के रिकॉर्ड में स्टॉक से संबंधित अनियमितताएं मिलने पर कृषि विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान और गोदाम को सील कर दिया।
जिलाधिकारी की अनुमति के बाद संबंधित खाद विक्रेता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों से अधिक मूल्य वसूलने या उर्वरक बिक्री में अनियमितता करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह ने कहा कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।




