प्रयागराज : प्रधानाचार्य भर्ती-2013 के लंबित पैनल जारी कराने की मांग को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, उत्तर प्रदेश माध्यमिक संवर्ग के प्रदेश महामंत्री डॉ. संतोष कुमार शुक्ल ने शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात की। प्रयागराज स्थित सर्किट हाउस में हुई इस मुलाकात के दौरान चयनित प्रधानाचार्यों के प्रतिनिधिमंडल ने भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से रखा।
डॉ. संतोष कुमार शुक्ल ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि प्रयागराज मंडल सहित प्रदेश के कई मंडलों के प्रधानाचार्य भर्ती-2013 के पैनल अभी तक जारी नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई को चयनित प्रधानाचार्यों के पक्ष में निर्णय आने के बाद इसकी जानकारी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भी उपलब्ध करा दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद पैनल जारी होने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से इंतजार कर रहे चयनित प्रधानाचार्यों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द लंबित पैनल जारी कराने की मांग की।
मुलाकात के दौरान डॉ. शुक्ल ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की सेवा सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने शिक्षा सेवा चयन आयोग की नियमावली में धारा-21 को दोबारा शामिल करने की मांग करते हुए कहा कि इससे शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा और शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने के लिए प्रदेश सरकार का आभार भी जताया। इस अवसर पर डॉ. शैलेश पांडेय, डॉ. अभिषेक मिश्र, डॉ. योगेंद्र सिंह सहित कई चयनित प्रधानाचार्य मौजूद रहे।




