‘नशामुक्त युवा–विकसित भारत 2047’ अभियान ने रांची में जगाई नई जागरूकता की अलख

चेतना वेलफेयर ट्रस्ट ने रांची में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं और नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प से जुड़ने का संदेश दिया।

रांची: चेतना वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से मोराबादी में ‘विकसित भारत 2047’ अभियान के तहत ‘नशामुक्त युवा – विकसित भारत 2047’ विषय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके बाद अभियान को अल्बर्ट एक्का चौक तक विस्तार दिया गया, जहां राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ, जागरूक और सशक्त भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम का नेतृत्व चेतना वेलफेयर ट्रस्ट के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आर्यन गर्ग ने किया। इस दौरान ट्रस्ट के इंटर्न और स्वयंसेवकों अदिति, शफक, अभया, प्रियांशु, चेतना, हर्ष सहित अन्य सदस्यों ने अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।

अपने संबोधन में आर्यन गर्ग ने कहा कि विकसित भारत 2047 का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशामुक्त, शिक्षित, स्वस्थ, जागरूक और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित होगा। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और देश की प्रगति को भी प्रभावित करता है। उनके अनुसार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल, रोजगार और नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक युवा स्वयं नशामुक्त रहने का संकल्प ले और कम-से-कम दस अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करे, ताकि स्वस्थ और विकसित भारत की मजबूत नींव रखी जा सके।

अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने मॉर्निंग वॉक पर आए लोगों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। जागरूकता को रोचक बनाने के लिए ‘सांप-सीढ़ी’ आधारित विशेष गतिविधि आयोजित की गई। इसके माध्यम से समझाया गया कि नशे की लत व्यक्ति को जीवन में पीछे ले जाती है, जबकि अनुशासन, सही निर्णय और स्वस्थ जीवनशैली सफलता की राह खोलती है।

कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान नशे की रोकथाम, उसके दुष्प्रभाव और बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए बेहद उपयोगी बताया।

इसके बाद ट्रस्ट की टीम ने अल्बर्ट एक्का चौक पर जनसंपर्क अभियान चलाकर राहगीरों, दुकानदारों और आम नागरिकों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। सभी से ‘नशामुक्त युवा – विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की गई।

अभियान का समापन नशामुक्त समाज के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। चेतना वेलफेयर ट्रस्ट ने भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *