डिग्री कॉलेज मणिका और चेतना ट्रस्ट की बड़ी साझेदारी, छात्रों को मिलेंगे नए अवसर

डिग्री कॉलेज मणिका और चेतना वेलफेयर ट्रस्ट के बीच हुए MoU से छात्रों को इंटर्नशिप, शोध, कौशल विकास और सतत विकास परियोजनाओं में भागीदारी का अवसर मिलेगा।

लातेहार: डिग्री कॉलेज मणिका, लातेहार और चेतना वेलफेयर ट्रस्ट, रांची के बीच शिक्षा, सामाजिक विकास और सतत विकास के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल को दोनों संस्थानों के बीच अकादमिक और वैज्ञानिक सहयोग को नई मजबूती देने वाला कदम माना जा रहा है।

समझौते पर चेतना वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (Founder & CEO) आर्यन गर्ग और डिग्री कॉलेज मणिका की ओर से प्रभारी प्राचार्य एम. के. दीपक ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान दोनों संस्थानों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद और सहयोगी सदस्य भी मौजूद रहे।

एमओयू के तहत विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, सामुदायिक शोध, पर्यावरण एवं सतत विकास से जुड़ी परियोजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों, ग्रामीण विकास अभियानों, नेतृत्व प्रशिक्षण, उद्यमिता संवर्धन, संयुक्त शोध और कार्यशालाओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इससे छात्रों को कक्षा की पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आर्यन गर्ग ने कहा कि यह साझेदारी युवाओं को शिक्षा, पर्यावरण और सशक्तिकरण के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराएगी। साथ ही ग्रामीण और जनजातीय समुदायों के विकास के लिए नए अवसर तैयार करेगी।

प्रभारी प्राचार्य एम. के. दीपक ने कहा कि डिग्री कॉलेज मणिका विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि उन्हें सामाजिक गतिविधियों, शोध और नवाचार से भी जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि चेतना वेलफेयर ट्रस्ट के साथ यह सहयोग छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

यह एमओयू शुरुआती तौर पर पांच वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा। इस अवधि में दोनों संस्थान आपसी सहमति से संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रमों, शोध परियोजनाओं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तार करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्रतिनिधियों ने इस साझेदारी को लातेहार और आसपास के क्षेत्रों में शिक्षा, सतत विकास तथा सामुदायिक उन्नयन की दिशा में एक सकारात्मक और दूरगामी पहल बताया।

-रुपेश अग्रवाल

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *