नई छात्र परिषद ने संभाली जिम्मेदारी, ग्लोबल स्कूल ऑफ इंडिया में भव्य समारोह का आयोजन

ग्लोबल स्कूल ऑफ इंडिया, गोविंदपुर में आयोजित इन्वेस्टीचर सेरेमनी में नई छात्र परिषद को जिम्मेदारियां सौंपी गईं और नेतृत्व के मूल्यों का संदेश दिया गया।

गोविंदपुर: ग्लोबल स्कूल ऑफ इंडिया परिसर में मंगलवार, 5 अगस्त 2026 को इन्वेस्टीचर सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में नव-निर्वाचित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को औपचारिक रूप से उनके दायित्व सौंपे गए। विद्यालय का ऑडिटोरियम विद्यार्थियों, शिक्षकों और आमंत्रित अतिथियों की उपस्थिति से खचाखच भरा रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और गौरव का वातावरण देखने को मिला।

इस शैक्षणिक सत्र के लिए स्कूल हेड बॉय के रूप में सौरव कनौजिया, स्कूल हेड गर्ल सना हैदर, वाइस हेड कैप्टन फरहान अख्तर, स्पोर्ट्स कैप्टन प्रियांशु कुमार, कल्चरल कैप्टन मरियम तहरीम तथा डिसिप्लिन कैप्टन अभिनव कुमार सिंह को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई।

वहीं विभिन्न हाउसों के लिए मारिया हाउस के कैप्टन शाहिद खान, रूसो हाउस के दिव्यांशु कुमार रजक, फ्रोबेल हाउस के समीर पंडित और पेस्टालॉजी हाउस के जायद खान को नियुक्त किया गया।

समारोह के दौरान विद्यालय के निदेशक डॉ. एस. खालिद और चेयरपर्सन डॉ. निखत परवीन ने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को सैश पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद प्रधानाचार्या श्रीमती चांदनी त्रिगुणाइत ने छात्र परिषद के सदस्यों को बैज प्रदान किए।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रधानाचार्या ने सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, ईमानदारी, जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में निदेशक डॉ. एस. खालिद ने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई छात्र परिषद अपने कार्यों से विद्यालय को नई उपलब्धियों तक पहुंचाएगी।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ। समारोह ने विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया।

-मनीष सिन्हा 

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *