प्रतापगढ़ : महुली क्षेत्र में दो दिन पहले मकान की छत गिरने से हुई दर्दनाक घटना में छह लोगों की मौत के बाद इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है। हादसे की जानकारी मिलने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा शनिवार को शोकाकुल परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस मुश्किल समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
डॉ. रोहित मिश्रा ने पीड़ित परिवारों से बातचीत कर हादसे की पूरी जानकारी ली। उन्होंने परिजनों की समस्याओं और तत्काल जरूरतों को भी समझने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसी अपने को खोने का दर्द शब्दों में बयां करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में भाजपा और भाजयुमो परिवार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।
उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि उनकी ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। यदि किसी तरह की प्रशासनिक मदद की आवश्यकता होगी तो संबंधित अधिकारियों से भी बातचीत कर पीड़ित परिवारों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि शासन और प्रशासन की ओर से भी हादसे से प्रभावित परिवारों को हरसंभव राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और जरूरत के अनुसार सहायता पहुंचाने की कोशिश जारी रहेगी।
इस दौरान डॉ. रोहित मिश्रा ने हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।




