प्रतापगढ़ : शहर के महुली मोहल्ले में जर्जर मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख जताया और घटना में जीवित बचे अमन श्रीवास्तव से मुलाकात कर उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली। अजय राय ने अमन के बेहतर इलाज की व्यवस्था के साथ पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और अमन श्रीवास्तव को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
अजय राय ने कहा कि एक ही परिवार के छह लोगों की मौत बेहद हृदयविदारक घटना है। ऐसे कठिन समय में सरकार की जिम्मेदारी है कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक मदद, बेहतर इलाज और भविष्य की सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सरकार से अमन के पुनर्वास और उसके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने शहर में पहले से चिन्हित 100 से अधिक जर्जर मकानों को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब इन भवनों को पहले ही जर्जर के रूप में चिन्हित किया जा चुका था, तो उनकी सुरक्षा को लेकर समय रहते प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने जिलाधिकारी से सभी चिन्हित जर्जर मकानों की सूची सार्वजनिक करने और उनकी स्थिति को देखते हुए तत्काल जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
अजय राय ने कहा कि अमन ने इस हादसे में अपने परिवार के कई सदस्यों को खो दिया है। ऐसे में सरकार को उसके इलाज और आर्थिक सहायता के साथ रोजगार की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि वह अपने जीवन को दोबारा संभाल सके। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल और प्रभावी मदद की जरूरत है।
अजय राय के प्रतापगढ़ पहुंचने से पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में भुपियामऊ चौराहे पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कांग्रेस सेवादल के महासचिव भवानी शंकर दूबे और जिला सचिव अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में चिलबिला, जबकि जिला महासचिव संतोष सिंह के नेतृत्व में गोड़े में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करने के साथ महुली हादसे के पीड़ित परिवार के लिए न्याय और सहायता की मांग उठाई।
इस दौरान पीसीसी सदस्य एवं जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रशांतदेव शुक्ल, नगर अध्यक्ष मो. इश्तियाक, कोषाध्यक्ष वेदांत तिवारी, जिला उपाध्यक्ष विजय शंकर त्रिपाठी, शिक्षा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष काशी नारायण मिश्र, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरोज कश्यप, मनरेगा प्रभारी रवि भूषण सिन्हा, जिला प्रवक्ता मासूम हैदर, फतेह बहादुर सिंह, अनुसूचित जाति विभाग जिलाध्यक्ष सरोज कुमार सरोज, कार्यालय सचिव रियाज सुल्तान, मो. वसीम, महेंद्र मिश्रा, सुधांशु शुक्ल, डॉ. दीपक शुक्ला, दुर्गेश तिवारी, सोनी तिवारी, अरबाज मोहम्मद जावेद, मो. दिलशाद, विश्वास सिंह, देवमणि पांडेय, नूर आलम, सौरभ कश्यप, अंजनी पांडेय, सोनू यादव, रामभवन मिश्रा, इंदल सरोज, रंजीत सरोज और पुन्नीलाल चौहान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




