लोहरदगा : सावन माह की दूसरी सोमवारी पर 10 अगस्त को लोहरदगा में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान हजारों शिवभक्त शंख नदी से पवित्र जल भरकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बड़ा तालाब स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर पहुंचेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। कांवड़ यात्रा सोमवार सुबह 7:30 बजे शंख नदी तट से शुरू होगी।
यात्रा हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के बीच पतरा टोली, ब्लॉक मोड़, साइडिंग, पावरगंज और अमला टोली होते हुए बड़ा तालाब शिव मंदिर पहुंचेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन तथा आयोजन समिति ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कांवड़ यात्रा के संरक्षक विजय खत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि लोहरदगा की सामाजिक एकता और सामूहिक संस्कृति का भी परिचायक है। उन्होंने बताया कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। पूरे यात्रा मार्ग में शुद्ध पेयजल, फल, शरबत, महाप्रसाद और प्राथमिक चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम के अध्यक्ष सनी साहू ने कहा कि सावन की दूसरी सोमवारी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और इसे सफल बनाने के लिए विभिन्न टीमों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा और उनकी सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रबंधों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में जलाभिषेक कर सकें।
समाजसेवी सचिन कुमार साहू ने जिले की जनता, सनातन धर्मावलंबियों, माताओं और बहनों से इस पावन कांवड़ यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की। रिपोर्ट -पारस कुमार इद्रगुरु




