विक्रम ठाकुर
सिमडेगा : शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में करीब दो माह से फरार चल रहे आरोपी को सिमडेगा पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, कुरडेग थाना क्षेत्र की एक युवती ने महिला थाना में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया था कि कुरडेग निवासी अनीश एक्का ने विवाह का आश्वासन देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के मुताबिक, इस दौरान वह गर्भवती हो गई, लेकिन बाद में आरोपी ने शादी करने से इंकार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना में कांड संख्या-21/2026, दिनांक 10 जून 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिमडेगा के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान मिले तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम मुंबई पहुंची। वहां 4 अगस्त को हिरानंदानी हॉस्पिटल के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अनुसंधान के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




