लातेहार : लातेहार थाना क्षेत्र के पतकी पुलिस पिकेट के पास नाबालिग के अपहरण और मारपीट के बाद हुई मौत के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने लातेहार थाना में प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद घायल अवस्था में नाबालिग को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे केंद्र में रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मौत से पहले नाबालिग ने अपने साथ हुई घटना के संबंध में बयान दिया था। इसी बयान के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
मृतक के बयान से मिला अहम सुराग
एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतक के बयान के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान संदिग्ध अरबाज आलम को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अरबाज ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अपने दो साथियों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने समीर अंसारी और कमलेश कुमार सिंह को भी गिरफ्तार किया।
एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना में तीनों की संलिप्तता सामने आई है।
बहन से प्रेम संबंध के विरोध में विवाद
एसडीपीओ के अनुसार, अब तक की पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अरबाज आलम का मृतक की बहन के साथ प्रेम संबंध था। मृतक इसका विरोध करता था और अरबाज से उसकी बहन से बातचीत नहीं करने के लिए कहता था। पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मृतक के बयान और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ते हुए मामले का खुलासा किया गया।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में अरबाज आलम (21), पिता शमीम अंसारी, ग्राम बेन्दी, थाना व जिला लातेहार; समीर अंसारी (19), पिता नौशाद अंसारी, पनेरीबांध, न्यू मुहल्ला चैनपुर, पलामू, वर्तमान पता ग्राम बेन्दी, लातेहार; तथा कमलेश कुमार सिंह (19), पिता हरिनाम सिंह, ग्राम पतकी, थाना व जिला लातेहार शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा घटनास्थल से मृतक का ब्लड सैंपल भी लिया गया है।
24 घंटे में पुलिस ने किया मामले का उद्भेदन
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक लातेहार के निर्देश पर एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का उद्भेदन किया।
छापामारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल
छापामारी दल में एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक कामता कुमार, शशि कुमार, रामाकान्त गुप्ता, राजा दिलावर, राहुल सिन्हा, संतोष कुमार तथा सहायक अवर निरीक्षक अरविन्द तिवारी शामिल रहे। कार्रवाई में लातेहार की तकनीकी शाखा और लातेहार थाना के सशस्त्र बल ने भी सहयोग किया।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




