पंडरी उर्दू स्कूल को मिलेगा नया भवन, शिक्षक बहाली का आश्वासन

जिला परिषद की अस्थायी समिति की बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि योजनाओं पर चर्चा हुई, वहीं 3 अक्टूबर को सभी प्रखंडों में आभा कार्ड शिविर लगेंगे।

सैफ नवाज़

रांची : जिला परिषद सदस्य आदिल अजीम ने सोमवार को जिला परिषद कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिला परिषद की अस्थायी समिति की बैठक में कृषि, उद्योग, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं को गांव, घर और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ विकास कार्यों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना था।

आदिल अजीम ने बताया कि बैठक के दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों की समस्याओं को सदस्यों ने प्रमुखता से उठाया। इनमें चान्हो प्रखंड के पंडरी गांव स्थित उर्दू मध्य विद्यालय की जर्जर स्थिति का मामला भी शामिल था। उन्होंने कहा कि विद्यालय की स्थिति के बारे में पहले ही जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) को जानकारी दी गई थी। उस समय पुराने भवन को तोड़कर नया भवन बनाने और निर्माण पूरा होने तक बच्चों को दूसरे भवन में स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, अब तक इस दिशा में काम शुरू नहीं हो सका है।

उन्होंने कहा कि बैठक में विद्यालय के भवन का मुद्दा दोबारा उठाया गया है और जल्द ही नए भवन के निर्माण की उम्मीद है। इसके अलावा विद्यालय में उर्दू शिक्षक की कमी का मामला भी समिति के सामने रखा गया। संबंधित अधिकारियों ने जल्द उर्दू शिक्षक की बहाली का आश्वासन दिया है।

आभा कार्ड बनवाने की अपील

आदिल अजीम ने आभा (ABHA) कार्ड के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि लोगों में जागरूकता की कमी के कारण अभी भी बड़ी संख्या में लोग इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने जिले के लोगों से जल्द से जल्द आभा कार्ड बनवाने की अपील की।

उन्होंने बताया कि आभा कार्ड के जरिए व्यक्ति के डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है। जरूरत पड़ने पर दूसरे शहर या राज्य के अस्पताल में इलाज के दौरान स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने में भी यह उपयोगी हो सकता है।

उन्होंने कहा कि रांची सदर अस्पताल ने आयुष्मान भारत योजना के तहत बेहतर कार्य किया है। इसी तरह आभा कार्ड बनाने और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जाने चाहिए।

आदिल अजीम ने बताया कि आभा कार्ड बनाने के लिए जिले के सभी प्रखंडों में 3 अक्टूबर को शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से इन शिविरों में पहुंचकर अपना आभा कार्ड बनवाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जिला परिषद की अस्थायी समिति की बैठक सफल रही और सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए आगे भी लगातार प्रयास किए जाएंगे। बैठक में अस्थायी समिति के सभी सदस्यों, जिला पदाधिकारियों और संबंधित विभागों से जुड़े लोगों की उपस्थिति रही।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *