अबू रेहान
कांके : कांके विधानसभा क्षेत्र में जनहित और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर विलेज ढाबा में आमया संगठन की ओर से बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, सड़क, नाली और स्थानीय लोगों की भागीदारी समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
आमया संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष एस. अली ने विधायक के समक्ष विभिन्न जनमुद्दों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कोल्या कनानंदू में टेंडर होने के बावजूद वर्षों से अल्पसंख्यक आवासीय +2 उच्च विद्यालय का निर्माण शुरू नहीं होने पर चिंता जताई। साथ ही आईटीडीए रांची की ओर से कांके अंचल से भूमि संबंधी मांगी गई रिपोर्ट जल्द भेजने की मांग की।
बैठक में रिनपास में स्थायी निदेशक की नियुक्ति करने और वर्तमान प्रभारी निदेशक के कार्यकाल की जांच कराने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा बिरसा कृषि विश्वविद्यालय, नव निर्मित रिम्स-2 सहित कांके क्षेत्र में केंद्र और राज्य सरकार के अधीन चल रहे संस्थानों में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
संगठन ने डीएमएफटी फंड के माध्यम से कांके विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक, मध्य और उच्च विद्यालयों में अतिरिक्त कमरों के निर्माण तथा मरम्मती कार्य कराने की मांग रखी। वहीं, बुढ़मू और खलारी प्रखंड में डिग्री कॉलेज एवं आईटीआई का निर्माण कराने का मुद्दा भी विधायक के सामने रखा गया।
बैठक में क्षेत्र के उन गांवों का भी मुद्दा उठाया गया, जहां सड़कें जर्जर हैं या बुनियादी सड़क सुविधा का अभाव है। संगठन ने ऐसे गांवों में जल्द सड़क और नाली निर्माण कराने की मांग की।
कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा ने आमया संगठन और झारखंड छात्र संघ की ओर से जनहित एवं शैक्षणिक सुधार को लेकर किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संगठन की मांग और सुझाव क्षेत्र के शैक्षणिक एवं बुनियादी सुधार के साथ-साथ स्थानीय लोगों के रोजगार और अधिकार से जुड़े हैं।
विधायक ने कहा कि इन मांगों को पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के सुझाव और सहयोग से जनप्रतिनिधियों को क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी मिलती है और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।
बैठक में आमया संगठन के केंद्रीय उपाध्यक्ष फुरकान अंसारी, केंद्रीय संगठन प्रभारी जियाउद्दीन अंसारी, केंद्रीय सचिव नौशाद आलम, केंद्रीय उप सचिव औरंगजेब आलम, केंद्रीय संयुक्त सचिव शाहिद अफरोज, जिला संगठन प्रभारी जावेद अंसारी, गफ्फार अंसारी, एक्स आर्मी अंजुम खान, कार्यकारी सदस्य मो. मुंतज़िर, नसीम अख्तर, मोहसिन हव्वारी, बकरीद अंसारी, आसिफ अंसारी, सरफराज सामी, गुलजार खान, मुर्शिद अंसारी, इस्लाम अंसारी, कारी गुलाम रब्बानी, अनीस अहमद, मो. इमरान और जिलानी समेत अन्य लोग उपस्थित थे।




