कुजू के छोटू टोला में भरभराकर गिरा घर, मदद की आस में परिवार

कुंदरिया बस्ती में कच्चा मकान गिरने से घरेलू सामान मलबे में दबा, परिवार ने प्रशासन से राहत, आवास और जरूरी सामग्री की मांग की।

कुजू I लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच कुजू दक्षिणी पंचायत के कुंदरिया बस्ती स्थित छोटू टोला में शुक्रवार शाम एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे में रामलाल मांझी का पूरा परिवार बेघर हो गया। फिलहाल परिवार को पड़ोसी के घर में शरण लेकर रात गुजारनी पड़ रही है। मकान गिरने से घरेलू सामान, कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी सामग्री मलबे में दबकर बर्बाद हो गई।

बताया गया कि लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारें और छत पहले ही कमजोर हो चुकी थीं। शुक्रवार की शाम अचानक मकान धराशायी हो गया। संयोग से घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद नहीं थे, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि घर के गिर जाने से परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

आर्थिक रूप से कमजोर रामलाल मांझी के परिवार के पास अब सुरक्षित रहने के लिए अपना कोई ठिकाना नहीं बचा है। लगातार बारिश के बीच छोटे बच्चों और जरूरी सामान के साथ परिवार को पड़ोसी के घर में शरण लेनी पड़ रही है। परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वह अपने स्तर से दोबारा मकान का निर्माण करा सके।

पीड़ित रामलाल मांझी ने प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने आपदा राहत के तहत आर्थिक सहायता, रहने के लिए आवास की व्यवस्था और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।

परिवार के सदस्यों का कहना है कि बारिश ने उनका आशियाना पूरी तरह उजाड़ दिया है। अब उनके सामने रहने के साथ-साथ भोजन और जरूरी सामान की भी समस्या पैदा हो गई है। घर का सामान मलबे में दब जाने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने भी मांगी तत्काल मदद

घटना के बाद ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षतिग्रस्त मकान का सरकारी स्तर पर आकलन कराया जाए और नियम के अनुसार परिवार को आपदा राहत तथा आवास योजना का लाभ दिलाया जाए।

ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पहले से कमजोर कच्चे मकानों पर खतरा बढ़ गया है। ऐसे में पीड़ित परिवार को यदि समय रहते सरकारी सहायता नहीं मिली तो उसकी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

मकान गिरने के बाद रामलाल मांझी का परिवार फिलहाल पड़ोसी के घर में रहने को मजबूर है। अब पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से तत्काल राहत और सहायता मिलने का इंतजार है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *