विलियम जैकब
गिरिडीह : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के टुंडी रोड स्थित भोरंडीहा निवासी 28 वर्षीय शुभम कुमार साव का शव लापता होने के करीब एक सप्ताह बाद उसरी नदी वाटरफॉल के पास पत्थरों के बीच बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, शुभम 27 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे खाना खाने के बाद मोटरसाइकिल से गादी श्रीरामपुर स्थित श्री कृष्णा इंटरप्राइजेज में काम करने के लिए निकला था। काम समाप्त होने के बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उसके पिता किशोर प्रसाद गुप्ता ने मुफ्फसिल थाना में गुमशुदगी की लिखित सूचना दी।
शुभम होंडा साइन मोटरसाइकिल संख्या JH-10BT-6800 से घर से निकला था। लापता होने के पांचवें दिन उसकी मोटरसाइकिल ताराटांड़ थाना क्षेत्र से बरामद की गई। इसके बाद सातवें दिन उसरी नदी वाटरफॉल के समीप पत्थरों के बीच उसका शव मिला।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही शुभम की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




