मनीष सिन्हा
धनबाद : धनबाद मंडल में बड़े पैमाने पर चलाए जा रहे टिकट चेकिंग अभियान के तहत 3 अक्टूबर को मेगा टिकट जांच अभियान चलाया गया। सुनियोजित कार्यक्रम के तहत दिन-रात चले इस अभियान में बिना टिकट यात्रा करने वाले, उचित प्राधिकार के बिना यात्रा करने वाले और बिना बुक किए सामान के साथ सफर करने वाले यात्रियों की जांच की गई।
अभियान के दौरान कुल 381 यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में कुल 2,79,180 रुपये की राशि वसूल की गई। रेलवे की ओर से पकड़े गए यात्रियों को उचित टिकट और प्राधिकार के साथ ही यात्रा करने की कड़ी हिदायत दी गई।
टिकट चेकिंग टीमों ने धनबाद मंडल के विभिन्न स्टेशनों के साथ-साथ कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान टिकट और यात्रा से संबंधित नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
रेल प्रशासन के अनुसार, धनबाद मंडल में नियमित रूप से टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा। अभियान के दौरान स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की काफी भीड़ भी देखी गई।
धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही प्लेटफॉर्म में प्रवेश करें और जिस श्रेणी का टिकट उनके पास है, उसी श्रेणी में यात्रा करें। रेलवे ने यात्रियों से टिकट संबंधी नियमों का पालन करने और जांच के दौरान रेलकर्मियों के साथ सहयोग करने का भी अनुरोध किया है।




