मनीष सिन्हा
धनबाद : डुमरी विधायक जयराम महतो के जनता दरबार में रविवार को अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे सात जरूरतमंद फरियादियों को आर्थिक सहायता दी गई। लोगों की समस्याओं और उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए विधायक ने अपने निजी वेतन से सात अलग-अलग चेक काटकर कुल एक लाख रुपये की मदद की।
जनता दरबार में पहुंचे फरियादियों में किसी के सामने दुर्घटना के बाद आर्थिक संकट खड़ा था, तो कोई कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। कुछ लोगों को इलाज, अस्पताल की दवाइयों और बीएड में रजिस्ट्रेशन के लिए आर्थिक सहयोग की जरूरत थी। फरियादियों की परिस्थितियों को सुनने के बाद विधायक ने अपनी ओर से सहायता उपलब्ध कराई।
सहायता पाने वालों में दुग्धा और जरीडीह के पीड़ितों को 25-25 हजार रुपये दिए गए। वहीं तेलो के एक पीड़ित को 15 हजार रुपये की सहायता मिली। पहाड़पुर-तोपचांची और ऊपरघाट-पेंक-नारायण क्षेत्र के जरूरतमंदों को भी 15-15 हजार रुपये के चेक दिए गए। इसके अलावा गिरिडीह सदर के दो जरूरतमंदों को 2,500-2,500 रुपये की आर्थिक मदद दी गई।
इस तरह जनता दरबार में सात जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकताओं के मुताबिक कुल एक लाख रुपये के सात चेक प्रदान किए गए। सहायता मिलने के बाद फरियादियों ने राहत महसूस की और विधायक के प्रति आभार जताया।
जयराम महतो ने कहा कि उनके दरवाजे पर आने वाला हर व्यक्ति उनके लिए समान है। जाति, धर्म, क्षेत्र या किसी अन्य तरह के भेदभाव से ऊपर उठकर वे अपनी क्षमता के अनुसार हर जरूरतमंद की मदद करने का प्रयास करते हैं।
विधायक ने कहा कि जनता दरबार सिर्फ समस्याएं सुनने का मंच नहीं है, बल्कि मुश्किल समय में जरूरतमंदों के साथ खड़े होने का संकल्प भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए अपनी क्षमता के अनुसार उनका प्रयास आगे भी जारी रहेगा।



