मनीष सिन्हा
धनबाद : स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अवसर पर 3 अक्टूबर को धनबाद रेल मंडल में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान मंडल के विभिन्न स्टेशनों, रेल परिसरों, कार्यालयों और रेलवे कॉलोनियों में विशेष साफ-सफाई अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और बेहतर कार्य वातावरण के रूप में विकसित करना रहा।
अभियान के तहत धनबाद समेत मंडल के प्रमुख स्टेशनों के प्लेटफॉर्म, रेल पटरियों के आसपास के क्षेत्र, प्रतीक्षालय, फुटओवर ब्रिज और सर्कुलेटिंग एरिया सहित यात्री सुविधाओं से जुड़े स्थानों पर सघन सफाई की गई। रेलवे परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों ने नियमित निगरानी भी की।
SCDPM 6.0 के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभिन्न रेल कार्यालयों में पुराने और अनुपयोगी अभिलेखों एवं फाइलों की छंटाई की गई। इसके साथ ही अनावश्यक सामग्री और कबाड़ (स्क्रैप) के निस्तारण की प्रक्रिया को भी गति दी गई। रेलवे प्रशासन के अनुसार, इससे कार्यालयों में अतिरिक्त स्थान उपलब्ध कराने के साथ स्वच्छ और व्यवस्थित कार्य वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।
स्वच्छता अभियान के दौरान रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। यात्रियों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने, कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने और रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाया जाए। यात्रियों की सक्रिय भागीदारी से रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने में मदद मिलेगी।
धनबाद रेल मंडल ने कहा कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वच्छता अभियानों के माध्यम से रेलवे परिसरों की साफ-सफाई और यात्री अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में भी काम जारी है।




