विलियम जैकब
गिरिडीह : डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए स्कॉलर बी.एड. कॉलेज, बनहत्ती में “साइबर सेफ्टी” विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भावी शिक्षकों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, डेटा चोरी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति जागरूक करना था।
संगोष्ठी के मुख्य अतिथि साइबर डीएसपी सह ट्रैफिक डीएसपी आर.के. राणा रहे। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शालिनी खोवाला ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की जानकारी हर शिक्षक और विद्यार्थी के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक वही है, जो तकनीक का इस्तेमाल सावधानी और जिम्मेदारी के साथ करना जानता हो।
अपने संबोधन में साइबर डीएसपी आर.के. राणा ने विद्यार्थियों को OTP फ्रॉड, फिशिंग, फर्जी लोन ऐप, साइबर बुलिंग और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सावधानी बरतकर कई तरह के साइबर अपराधों से बचा जा सकता है। उन्होंने साइबर ठगी की शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के उपयोग की प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
आर.के. राणा ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर जिम्मेदार व्यवहार भी एक जागरूक नागरिक की पहचान है।
कार्यक्रम में सब-इंस्पेक्टर जगरनाथ पान, साइबर इंस्पेक्टर पुनीत कुमार, गुंजन कुमार और साकेत कुमार ने भी साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
संगोष्ठी का संचालन डॉ. राजेंद्र प्रसाद और डॉ. प्रवीण कुमार मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान बताया।




