विलियम जैकब
गिरिडीह : खरीफ मौसम 2026 में अधिक से अधिक किसानों को बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जोड़ने के उद्देश्य से गिरिडीह जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान की शुरुआत की। बुधवार को समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह और जिला सहकारिता पदाधिकारी अश्विनी ओझा ने संयुक्त रूप से रथ को रवाना किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि कृषि क्षेत्र प्राकृतिक आपदाओं और प्रतिकूल मौसम की मार सबसे अधिक झेलता है। ऐसे में किसानों की आर्थिक सुरक्षा के लिए फसल बीमा योजना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जागरूकता रथ गांव-गांव और पंचायत स्तर तक पहुंचकर किसानों को योजना की जानकारी दे और निर्धारित समय सीमा के भीतर अधिक से अधिक किसानों का नामांकन सुनिश्चित करे।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ ऋणी और गैर-ऋणी दोनों तरह के किसान उठा सकते हैं। किसानों को केवल एक रुपये के सांकेतिक प्रीमियम पर अधिसूचित फसलों का बीमा कराया जाएगा और इसके लिए किसी अतिरिक्त शुल्क का भुगतान नहीं करना होगा।
जिले में खरीफ 2026 के लिए अगहनी धान और भदई मक्का को अधिसूचित फसलों में शामिल किया गया है। योजना के तहत अगहनी धान के लिए प्रति हेक्टेयर 73,209 रुपये तथा भदई मक्का के लिए प्रति हेक्टेयर 45,640 रुपये तक की बीमित राशि निर्धारित की गई है।
जिला सहकारिता पदाधिकारी अश्विनी ओझा ने बताया कि योजना में बुआई विफलता, प्राकृतिक आपदा, उपज में कमी और कटाई के बाद होने वाली क्षति को भी शामिल किया गया है। किसान बैंक, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), क्रॉप इंश्योरेंस ऐप, पीएमएफबीवाई पोर्टल या अधिकृत बीमा कंपनी के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि फसल क्षति होने पर समय पर सूचना दें। योजना से संबंधित जानकारी या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 14447 पर संपर्क किया जा सकता है।




