विलियम जैकब
गिरिडीह : जिला जनसंपर्क कार्यालय में कार्यरत अनुसेवक सह प्रभारी इकाई लिपिक राजेश पासवान के कार्यालय से इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी होने के मामले का गिरिडीह नगर थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चोरी गए सभी सामान बरामद कर लिए हैं। इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 158/26, दिनांक 29 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 334(1) और 303(2) में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि राजेश पासवान की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर त्वरित जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच और छापेमारी के दौरान नगर थाना क्षेत्र के न्यू चूड़ी मोहल्ला और अन्य स्थानों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के न्यू चूड़ी मोहल्ला निवासी महताब अंसारी उर्फ बल्लु और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिमरियाधोड़ा बुढ़ियाखाद निवासी मोहम्मद वारिस को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सभी इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद कर लिए। बरामद सामान में दो बैटरी, एक काले रंग का क्षतिग्रस्त एलईडी टीवी और एक इनवर्टर शामिल है।
पुलिस ने बताया कि जब्त सामानों की विस्तृत जांच की जा रही है और मामले में मजबूत साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया जारी है। छापेमारी दल में नगर थाना के सह थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, गुलाम गौस हुस्सामी, अमित कुमार, अरविंद पाठक, पियुष केरकेट्टा तथा नगर थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।




