अमेठी में बारिश का कहर, कच्चा मकान गिरने से बेघर हुआ परिवार

अमेठी के तिलोई क्षेत्र में लगातार बारिश से कलावती का कच्चा मकान धराशायी हो गया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और आवास योजना का लाभ देने की मांग की है।

अमेठी :  लगातार हो रही बारिश ने अमेठी जिले के तिलोई क्षेत्र में एक परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौजा कुटमरा के इच्छा राम पंडित के पुरवा निवासी कलावती का कच्चा मकान बारिश के कारण पूरी तरह ढह गया। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कई दिनों से जारी बारिश के चलते कच्चे मकान की दीवारें और छत कमजोर हो गई थीं। गुरुवार को अचानक मकान भरभराकर गिर पड़ा। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। हालांकि मकान के मलबे में दबकर घरेलू सामान, खाद्यान्न और अन्य जरूरी वस्तियां नष्ट हो गईं, जिससे परिवार की परेशानी और बढ़ गई है।

मकान गिरने के बाद पीड़िता कलावती ने प्रशासन से तत्काल मदद की अपील की है। उन्होंने दैवीय आपदा राहत मद से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान स्वीकृत करने की मांग की है।

कलावती ने बताया कि अब उनके पास रहने के लिए सुरक्षित छत नहीं बची है। बारिश के मौसम में छोटे बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खुले में रहना बेहद मुश्किल हो गया है।

वहीं, ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए मौके का निरीक्षण कराने और पीड़ित परिवार को जल्द राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सहायता मिलने से परिवार को इस कठिन परिस्थिति से बाहर निकलने में मदद मिल सकेगी।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.