गिरिडीह में दारोगा के बेटे की पीट-पीटकर हत्या, 8-10 पर आरोप

गिरिडीह में मैगी पॉइंट के पास 24 वर्षीय ऋतिक यादव की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

गिरिडीह : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गिरिडीह-डुमरी रोड स्थित बंदरकुप्पी के पास गुरुवार देर रात एक 24 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना मैगी पॉइंट के पास रात करीब 11 बजे हुई। मृतक की पहचान राजेंद्र नगर (बभनटोली) निवासी ऋतिक यादव उर्फ बड्डी यादव के रूप में हुई है। उसके पिता झारखंड पुलिस में अवर निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं।

मृतक के साथी शुभम दास के अनुसार, वह ऋतिक यादव और राजा गुप्ता के साथ कार से मैगी पॉइंट गया था। इसी दौरान पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव समेत करीब 8-10 लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।

शुभम दास के मुताबिक, हमले के दौरान ऋतिक की बांस के टुकड़े से भी पिटाई की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ऋतिक को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना में दो अन्य युवकों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि ऋतिक का संबंध झामुमो छात्र मोर्चा से भी था।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और घटनास्थल की जानकारी जुटाई।

पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, घटना के पीछे की वजह और हमले में शामिल सभी लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस गतिविधियां भी बढ़ा दी गई हैं।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *