सिमडेगा I कोलेबिरा थाना क्षेत्र की रैंसिया पंचायत की मुखिया महिमा लकड़ा से विकास योजना के नाम पर कथित रूप से रंगदारी मांगने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के मामले में पुलिस ने जगरनाथ प्रसाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर मुखिया से कथित तौर पर 10 हजार रुपये लेने का भी आरोप है।
मामले को लेकर कोलेबिरा थाना में कांड संख्या 64/26 दर्ज किया गया था। पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट के साथ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जगरनाथ प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




