विलियम जैकब
गिरिडीह : ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक की एक टीम ने ग्रामीण इलाकों का दौरा कर स्थानीय लोगों की विभिन्न समस्याओं का जायजा लिया। इसी क्रम में सदर प्रखंड की लेदा पंचायत अंतर्गत ऊपर कोदयडीह आदिवासी टोला में स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोगों ने राशन वितरण समेत पेयजल, स्कूल, अस्पताल, वन भूमि का पट्टा और प्रखंड-अंचल कार्यालय में कथित घूसखोरी से जुड़ी समस्याएं सामने रखीं।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन महीनों से राशन वितरण में भारी अनियमितता की शिकायत है। उनके अनुसार, जुलाई माह का राशन डीलर द्वारा गबन कर लिया गया। इसके विरोध में अगस्त माह का राशन नहीं लिया गया और अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों के निर्देश पर सितंबर माह का राशन पर्यवेक्षक की मौजूदगी में वितरित किया गया, लेकिन उस दौरान भी प्रति कार्डधारक 6 से 7 किलो राशन कम मिलने की शिकायत सामने आई।
ग्रामीणों के अनुसार, अब संबंधित डीलर को निलंबित कर राशन वितरण की जिम्मेदारी दूसरे गांव के किसी डीलर को दिए जाने की बात कही जा रही है। उनका कहना है कि इससे गरीब कार्डधारकों को राशन लेने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी और उन्हें परेशानी का सामना करना होगा। ग्रामीणों ने मांग की कि उनके गांव में ही राशन वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
हर वार्ड में राशन वितरण की मांग
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं संगठन के जिला संयोजक राजेश यादव ने कहा कि ग्रामीणों की ओर से रखी गई मांगें गंभीर हैं। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में प्रत्येक वार्ड में राशन वितरण की व्यवस्था करने की मांग की।
राजेश यादव ने कहा कि ग्रामीणों को उनके बुनियादी अधिकार और सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्याओं को लेकर एकजुट रहने और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की।
छह सूत्री मांगों को लेकर 10 अक्टूबर को ज्ञापन
बैठक में राजेश यादव की अपील पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर आगामी 10 अक्टूबर को उपायुक्त, गिरिडीह के समक्ष आंदोलन करेंगे और ज्ञापन सौंपेंगे।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में प्रत्येक वार्ड में राशन वितरण की व्यवस्था, पेयजल सुविधा, विद्यालय और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, वन भूमि का पट्टा तथा प्रखंड और अंचल कार्यालयों में कथित भ्रष्टाचार एवं घूसखोरी पर रोक सहित अन्य मुद्दे शामिल हैं।
बैठक में पार्टी नेता पंकज वर्मा, सोमर टुडू, सीताराम सोरेन, मुनिलाल हेंब्रम, रोहित किस्कु, नुनूलाल टुडू, मुनिलाल टुडू, कलीराम हेंब्रम, सावना हेंब्रम, मुनिलाल मुर्मू, रूपमुनि देवी, देवंती देवी, सोनिया हांसदा, सूरजमुनि देवी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।



