विलियम जैकब
गिरिडीह : झारखंड विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा की ओर से मंगलवार को आहूत झारखंड बंद का गिरिडीह जिले में जोरदार असर देखने को मिला। शहर के कई स्कूल और शिक्षण संस्थान बंद रहे। सुबह स्कूल पहुंचे विद्यार्थियों को बंद की जानकारी देने के बाद वापस घर भेज दिया गया।
गिरिडीह के कार्मेल स्कूल, गुरुनानक स्कूल, रॉयल ग्लोबल स्कूल समेत कई शिक्षण संस्थानों में बंद का असर दिखाई दिया। हालांकि बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को इससे अलग रखा गया। परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे परीक्षार्थियों को परीक्षा देने की अनुमति दी गई, ताकि बंद के कारण उनकी महत्वपूर्ण परीक्षा प्रभावित न हो।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट
बंद को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस अधिकारी लगातार गश्त करते रहे और पूरे शहर की स्थिति पर नजर बनाए रखी।
किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस की सक्रियता के कारण बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।
झंडा मैदान से निकला भाजपा कार्यकर्ताओं का जुलूस
बंद के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ताओं का जुटान गिरिडीह के झंडा मैदान में हुआ। यहां कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और विरोध प्रदर्शन की रणनीति तैयार की। इसके बाद झंडा मैदान से जुलूस निकाला गया। कार्यकर्ता नगर भ्रमण करते हुए विभिन्न इलाकों में पहुंचे और दुकानदारों से दुकानें बंद रखने की अपील की।
इस दौरान टावर चौक, कालीबाड़ी चौक, बड़ा चौक समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने रुककर नारेबाजी की। बंद के समर्थन में कई व्यवसायियों ने भी अपनी दुकानें बंद रखीं और छात्रों के समर्थन में भाजपा के आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
झंडा मैदान में भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव, चुन्नू कांत, वि सिंह, संदीप डोंगाइच, डी वर्मा, सुरेश मंडल, प्रोफेसर विनीता कुमारी, शालिनी बेसिकियर, युवा मोर्चा के एस कुमार, सिंकु सिंह, दीपक यादव, देवराज, मनोज शंघाई, हरविंदर सिंह बग्गा समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फिलहाल गिरिडीह में झारखंड बंद का असर बना हुआ है। कई शिक्षण संस्थान बंद हैं, जबकि बोर्ड परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति देकर उन्हें राहत दी गई है। बंद से जुड़े घटनाक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरे जिले में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।




