धनबाद में पेपरलेस पासपोर्ट सेवा शुरू, अब एक सप्ताह में पूरा होगा पुलिस वेरिफिकेशन

धनबाद में पेपरलेस पासपोर्ट सेवा लागू होने के बाद पुलिस वेरिफिकेशन पूरी तरह ऑनलाइन हो गया है। नई व्यवस्था से प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनने का दावा किया गया है।

मनोज सिन्हा

धनबाद : पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया को अधिक तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से धनबाद में पेपरलेस पासपोर्ट सेवा शुरू कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत पासपोर्ट से जुड़ी अधिकांश प्रक्रियाएं अब डिजिटल माध्यम से पूरी की जाएंगी। इससे दस्तावेजों के सत्यापन और पुलिस वेरिफिकेशन में लगने वाला समय काफी कम होने की उम्मीद है।

नई प्रणाली के अनुसार पासपोर्ट सेवा केंद्र में दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद अधिकारी डिजिटल हस्ताक्षर करेंगे। इसके बाद सत्यापन रिपोर्ट ऑनलाइन सीधे क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय भेजी जाएगी। रिपोर्ट तैयार होने के बाद आवेदकों को भी इसकी जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।

नई व्यवस्था में पुलिस सत्यापन भी संबंधित थाना स्तर से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। इससे कागजी फाइलों के आदान-प्रदान की आवश्यकता लगभग समाप्त हो जाएगी और पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज एवं पारदर्शी बनेगी।

धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि यह नई प्रणाली 1 अगस्त से लागू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पहले पुलिस वेरिफिकेशन के लगभग 1300 मामले लंबित थे, लेकिन ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के बाद यह संख्या घटकर 580 रह गई है।

उन्होंने बताया कि अब पुलिस वेरिफिकेशन एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि आवेदकों को कम समय में पासपोर्ट उपलब्ध कराया जा सके। एसएसपी के अनुसार डिजिटल प्रणाली लागू होने से पुलिस और पासपोर्ट विभाग के बीच समन्वय बेहतर हुआ है। ऑनलाइन रिपोर्ट भेजे जाने से समय की बचत हो रही है और लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता भी नहीं पड़ रही है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.