मनीष सिन्हा
पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर : पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने 21 अगस्त 2026 को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल मुख्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मंडल में नवनिर्मित और उन्नत की गई विभिन्न यात्री एवं प्रशासनिक सुविधाओं का निरीक्षण कर उनकी स्थिति और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दौरे के दौरान पूर्व मध्य रेल मुख्यालय के विभिन्न विभागाध्यक्ष, मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना सहित मंडल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
दौरे की शुरुआत पूर्व मध्य रेल इंटर कॉलेज से हुई। यहां महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने विद्यालय में नवीनीकृत अध्यापक कक्ष और उन्नत कंप्यूटर प्रयोगशाला का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
इसके बाद महाप्रबंधक ने प्लांट डिपो कॉलोनी और स्टेशन कॉलोनी का दौरा किया। दोनों स्थानों पर नवनिर्मित ट्रांजिट हाउस के भवन और वहां उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया गया।
दौरे के अगले चरण में विद्युत कर्षण विभाग के नवनिर्मित ‘ऊपरी उपस्कर एवं विद्युत आपूर्ति डिपो’ का निरीक्षण किया गया। महाप्रबंधक ने डिपो में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं और उपकरणों की स्थिति की जानकारी ली।
इसके अलावा मंडल कार्यालय के सामने दूरस्थ नियंत्रण केंद्र एवं कर्षण विद्युत नियंत्रण के लिए बनाए गए नवनिर्मित भवन का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान भवन में विकसित सुविधाओं और संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण कार्यक्रम के बाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मंडल से जुड़े विभिन्न कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
दौरे के अंतिम चरण में महाप्रबंधक ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से जीवनाथपुर के बीच चल रहे तृतीय रेल लाइन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों से कार्य से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
दौरे के दौरान महाप्रबंधक एवं अधिकारियों ने निरीक्षण किए गए विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण भी किया।




