बोकारो में चेकिंग से बचने को नाका तोड़ा, 1080 केन बीयर बरामद

पिंड्राजोरा पुलिस ने चेकनाका तोड़कर भाग रही एक्सयूवी 500 को पीछा कर पकड़ा, वाहन से 45 कार्टून में 1080 केन हायवर्ड्स 5000 बीयर बरामद हुई।

बोकारो । पिंड्राजोरा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल से चास की ओर जा रही बीयर लदी महिंद्रा एक्सयूवी 500 को पीछा कर पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन की तलाशी के दौरान 45 कार्टून में कुल 1080 केन हायवर्ड्स 5000 बीयर बरामद की। हालांकि, पुलिस की घेराबंदी के दौरान वाहन चालक और उसका सहयोगी मौके से भागने में सफल रहे।

पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को करीब 3:50 बजे थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि सफेद रंग की एक्सयूवी 500, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर डब्ल्यूबी 02 एए 5500 है, में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही गश्ती दल को वाहन जांच के लिए सक्रिय किया गया।

पुलिस टीम ने चास कॉलेज के समीप चेकनाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध एक्सयूवी वहां पहुंची। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन रोकने के बजाय चेकनाका तोड़ दिया और तेज गति से भाग निकला। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल वाहन का पीछा शुरू कर दिया।

लगातार पीछा करने के बाद पुलिस ने सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के बिरसा बसा के पास एक्सयूवी को पकड़ लिया। हालांकि, चालक और उसका सहयोगी पुलिस की घेराबंदी का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसके अंदर बीयर के 45 कार्टून मिले। प्रत्येक कार्टून में 24 केन बीयर थी। इस तरह कुल 1080 केन बरामद किए गए।

पुलिस ने बीयर की पूरी खेप और वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में वाहन मालिक, चालक और एक अन्य सहयोगी के खिलाफ पिंड्राजोरा थाना कांड संख्या 109/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 274/275/3(5) तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में पिंड्राजोरा थाना के सह थाना प्रभारी रवि कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दिलीप टुडू, आरक्षी दीपक कुमार महतो, आरक्षी दिलीप विश्वकर्मा और गृहरक्षक चालक चंदन कुमार शामिल थे। पुलिस फरार चालक और उसके सहयोगी की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.