सिमडेगा : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सिमडेगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलेबिरा में एक एम्बुलेंस से 82.98 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। पुलिस ने मौके से चार अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ तीन बोरों में 83 पैकेटों में रखा गया था। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एम्बुलेंस के अलावा 27 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7:15 बजे सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से सिमडेगा के रास्ते कोलेबिरा की तरफ एक एम्बुलेंस में भारी मात्रा में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोलेबिरा थाना की टीम ने वन विभाग चेकनाका के पास वाहन जांच शुरू की। विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी कोलेबिरा अनूप कच्छप को भी कार्रवाई की जानकारी दी गई।
इसी दौरान सिमडेगा की ओर से आ रही फोर्स ट्रैवलर एम्बुलेंस संख्या UP76K-6783 के चालक ने पुलिस टीम को देखकर वाहन लेकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर एम्बुलेंस को रोक लिया। वाहन में सवार चार लोगों से पूछताछ में उनकी पहचान रवि कुमार (37), पिता भंवर सिंह, निवासी चौमा, थाना जैत, जिला मथुरा; सुनील कुमार (36), पिता स्व. लेखराज सिंह, निवासी सतियाखेड़ा, थाना भोजपुर, जिला मुरादाबाद; भारत भूषण (43), पिता रमेश चंद्र, निवासी नांगलोई, थाना नेहाल विहार, पश्चिमी दिल्ली; और मोहित पाण्डेय (22), पिता मोहन पाण्डेय, निवासी नांगलोई, थाना नेहाल विहार, पश्चिमी दिल्ली के रूप में हुई।
बीडीओ सह सीओ अनूप कच्छप की मौजूदगी में एम्बुलेंस की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान तीन बोरों से 83 पैकेट गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसका कुल वजन 82.98 किलोग्राम पाया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मादक पदार्थ ओडिशा से लाकर रांची ले जाया जा रहा था।
इस मामले में कोलेबिरा थाना कांड संख्या 66/2026, दिनांक 30 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(c)/22(C) के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वाहनों के मालिकों की पहचान में जुटी है। उनकी भूमिका की जांच की जा रही है और संभावित ठिकानों पर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 82.98 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ 83 पैकेटों में, 27 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक एम्बुलेंस बरामद की गई।
कार्रवाई में कोलेबिरा थाना प्रभारी पु०अ०नि० जितेन्द्र सिंह, पु०अ०नि० अमरनाथ सोनी, स०अ०नि० जगबन्धु हाजरा, स०अ०नि० प्रताप चन्द्र महतो समेत कोलेबिरा थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
सिमडेगा पुलिस ने आम लोगों से मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




