4th Dan ब्लैक बेल्ट से नवाजे गए शकील अंसारी, मंत्री ने किया सम्मान

दक्षिण कोरिया से 4th Dan ब्लैक बेल्ट पाने वाले शकील अंसारी का मंत्री ने सम्मान किया, 8 अक्टूबर को रांची में जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप होगी।

अब्दुल बारीक
रातु :
झारखंड यूनाइटेड ताइक्वांडो मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन के सचिव शकील अंसारी को ताइक्वांडो के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने पर दक्षिण कोरिया की ओर से प्रतिष्ठित 4th Dan ब्लैक बेल्ट से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि पर झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शकील अंसारी को विशेष रूप से सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सम्मान समारोह के दौरान रॉयल पाम इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्या सबनम आरा, मोहम्मद मनोवर, मो. आरिफ समेत कई गणमान्य खेल पदाधिकारी और खेलप्रेमी मौजूद रहे। समारोह में शकील अंसारी की इस उपलब्धि को ताइक्वांडो के क्षेत्र में झारखंड के लिए महत्वपूर्ण माना गया।

8 अक्टूबर को होगी जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप

शकील अंसारी की इस उपलब्धि के जश्न और ताइक्वांडो खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगामी 8 अक्टूबर 2026 को रॉयल पाम इंटरनेशनल स्कूल, सिमलिया, रातू, रांची में ‘रांची जिला इंटर स्कूल ओपन यूनाइटेड ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026’ का आयोजन किया जाएगा।

प्रतियोगिता में रांची जिले के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों से सैकड़ों छात्र-छात्राएं हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के बीच मुकाबले होंगे और विद्यालय स्तर पर ताइक्वांडो को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वह प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले नन्हें खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएंगे और उन्हें खेल के प्रति आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।

खेल और अनुशासन को बढ़ावा देना मुख्य उद्देश्य

एसोसिएशन के अध्यक्ष एमडी जमील अंसारी ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर ताइक्वांडो को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही बच्चों में अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और आत्मरक्षा की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का प्रयास है कि झारखंड के युवा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ें और राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करें। इस तरह की प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को शुरुआती स्तर पर ही अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल के प्रति रुचि विकसित करने का अवसर मिलेगा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *