भयहरणनाथ धाम में प्रथम मंगलवार को उमड़े शिवभक्त
प्रतापगढ़। प्रसिद्ध पांडवकालीन बाबा भयहरण नाथ धाम में सावन मेला-2026 के प्रथम परंपरागत मंगलवार मेले में रिमझिम बारिश के बीच श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से हो रही वर्षा ने श्रद्धालुओं की परीक्षा जरूर ली, लेकिन शिवभक्तों की आस्था पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
भक्त सुबह से शाम तक धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक एवं दर्शन-पूजन करते रहे।
दोपहर बाद मौसम साफ होने और धूप निकलने के साथ ही ध्वज-पताका चढ़ाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई। दोपहर करीब दो बजे के बाद मंदिर परिसर में ध्वज-पताका अर्पित करने वालों का तांता लग गया, जिससे पूरा धाम हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
मेला समिति के महासचिव समाज शेखर ने बताया कि मेला कंट्रोल रूम, अस्थायी पुलिस चौकी तथा समिति के कार्यकर्ता सुबह पांच बजे से ही सभी व्यवस्थाओं में जुट गए थे। मुख्य मंदिर सहित सभी मंदिरों में पुजारियों एवं सेवकों ने श्रद्धालुओं के जलाभिषेक और दर्शन-पूजन को सुचारु रूप से संपन्न कराया।
मेले में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शरबत, रोट प्रसाद, कढ़ी-चावल सहित अन्य प्रसाद का वितरण भी किया गया। इससे दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिली।
मेला मजिस्ट्रेट रामानुज पांडेय के निर्देशन में नायब तहसीलदार के संयोजन में राजस्व टीम तथा स्थायी चौकी प्रभारी सुशील कटियार के नेतृत्व में पुलिस बल पूरे मेले में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैद रहा। वहीं कार्यालय प्रभारी नीरज मिश्र एवं स्वच्छता सहायक राज कुमार गौतम ने मेला एवं मंदिर उपसमिति के साथ मिलकर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सक्रिय सहयोग दिया।




