शिवसागर दूबे
सुल्तानपुर : सेमरी बाजार में प्रस्तावित बस स्टैंड के निर्माण की कवायद अब तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने इस दिशा में प्रशासनिक पहल शुरू करते हुए जिलाधिकारी सुल्तानपुर से सहयोग मांगा है। रोडवेज के अपर प्रबंध निदेशक ने डीएम को पत्र भेजकर बस स्टैंड के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने और जरूरी प्रशासनिक कार्रवाई कराने का अनुरोध किया है।
रोडवेज की ओर से भेजे गए पत्र के मुताबिक किसान सहकारी चीनी मिल लिमिटेड, सुल्तानपुर के डायरेक्टर रंगबहादुर सिंह ने सेमरी बाजार में बस स्टैंड निर्माण की मांग परिवहन मंत्री के समक्ष रखी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए परिवहन मंत्री ने रोडवेज अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के अपर प्रबंध निदेशक ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि यदि बस स्टैंड के लिए उपयुक्त सरकारी अथवा अन्य भूमि उपलब्ध है तो उसका आकलन कराया जाए। साथ ही प्रस्तावित भूमि पर किसी तरह का अतिक्रमण पाए जाने पर उसे हटवाने की कार्रवाई भी की जाए, ताकि निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
बस स्टैंड बनने से सेमरी बाजार के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में यात्रियों को बसों के ठहराव और आवागमन के लिए कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में व्यवस्थित बस स्टैंड बनने से यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था भी बेहतर हो सकती है।
अपर प्रबंध निदेशक ने क्षेत्रीय प्रबंधक, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम, अयोध्या को भी जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अब प्रशासन की ओर से भूमि की उपलब्धता और अन्य औपचारिकताओं पर कार्रवाई आगे बढ़ने के बाद सेमरी बाजार में प्रस्तावित बस स्टैंड के निर्माण की तस्वीर और साफ होगी।



