पारस कुमार इंद्रगुरु / लोक मंत्र
लोहरदगा: शहर के ब्लॉक मोड़ स्थित महावीर मंदिर में महावीर मंदिर पूजा समिति के तत्वावधान में 1 अगस्त से 5 अगस्त 2026 तक पांच दिवसीय 108 सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान श्री हनुमान जी की पूजा-अर्चना, आरती एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ में शामिल हो रहे हैं।
मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। भक्त पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ हनुमान जी की आराधना कर सुख-समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना कर रहे हैं। धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर है।
महावीर मंदिर पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना तथा युवाओं और आमजन को सनातन संस्कृति से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि पांच दिवसीय इस अनुष्ठान में श्रद्धालुओं की सहभागिता लगातार बढ़ रही है, जो समाज की धार्मिक आस्था का परिचायक है।
समिति ने लोहरदगा जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के सभी श्रद्धालु भक्तों, माताओं, बहनों, युवाओं और धर्मप्रेमी नागरिकों से आयोजन में शामिल होकर भगवान श्री हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
इस आयोजन को सफल बनाने में प्रदीप साहू, बबीता देवी, सुनील अग्रवाल, उपेंद्र प्रसाद, संजय कुमार मधुर, दयाशंकर सिंह, सिद्धार्थ कुमार, ऋषु, बलिराम गोप, रूपेश साहू, रामचंद्र साहू सहित पूरे मोहल्लेवासियों का सराहनीय योगदान रहा। सभी श्रद्धालु सेवा, व्यवस्था और आयोजन को सफल बनाने में पूरे उत्साह और समर्पण के साथ जुटे हुए हैं।




