सिमडेगा : झारखंड विधानसभा के आगामी मानसून सत्र में इस बार आम जनता की आवाज सीधे सदन तक पहुंचाने की अनूठी पहल की गई है। सिमडेगा विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूषण बाड़ा ने अपने आधिकारिक ‘भूषण बाड़ा मोबाइल ऐप’ में नया ‘सुझाव दें’ फीचर जोड़ते हुए क्षेत्रवासियों से विकास, जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों पर सीधे सुझाव आमंत्रित किए हैं।
विधायक ने बताया कि अक्सर लोगों के पास अपने क्षेत्र के विकास और समस्याओं के समाधान से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव होते हैं, लेकिन उचित मंच के अभाव में उनकी बातें सरकार तक नहीं पहुंच पातीं। इसी उद्देश्य से मोबाइल ऐप में यह नई सुविधा जोड़ी गई है, ताकि कोई भी नागरिक घर बैठे अपने स्मार्टफोन के माध्यम से सीधे अपने सुझाव और समस्याएं विधायक तक भेज सके।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े उपयोगी और व्यवहारिक सुझावों को आगामी विधानसभा मानसून सत्र में प्रमुखता से उठाया जाएगा। वहीं, सिमडेगा के विकास, रोजगार, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा आधारभूत सुविधाओं से जुड़े सुझावों पर प्रशासनिक स्तर पर भी गंभीरता से कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा।
विधायक भूषण बाड़ा ने बताया कि डिजिटल माध्यम से जनता की भागीदारी बढ़ाने की इस पहल को लोगों का अच्छा सहयोग मिल रहा है। अब तक मोबाइल ऐप के माध्यम से 1,500 से अधिक आवेदन, शिकायतें और सुझाव प्राप्त हो चुके हैं। इनमें से सैकड़ों समस्याओं का समाधान किया जा चुका है, जबकि शेष मामलों पर संबंधित विभागों के माध्यम से कार्रवाई जारी है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है और जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उन्हें उचित मंच तक पहुंचाकर समाधान सुनिश्चित करना भी है। विधायक ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में ऐप का उपयोग कर अपने सुझाव एवं समस्याएं साझा करने की अपील की, ताकि विकास योजनाओं में आम जनता की भागीदारी और अधिक मजबूत हो सके।




