रांची में जश्न-ए-उर्दू का आगाज, 10 नवंबर को सजेगी महफिल

अंजुमन मुसाफिरखाना में जश्न-ए-उर्दू के पोस्टर का विमोचन हुआ, 10 नवंबर को हज हाउस में शायरों, साहित्यकारों और पत्रकारों का सम्मान होगा।

अब्दुल बारीक

रांची : उर्दू भाषा, साहित्य, पत्रकारिता और तहजीब को समर्पित भव्य आयोजन ‘जश्न-ए-उर्दू’ के पोस्टर और विज्ञापन का रविवार को अंजुमन मुसाफिरखाना, मेन रोड, रांची में भव्य लॉन्च किया गया। पोस्टर विमोचन के साथ ही 10 नवंबर 2026 को हज हाउस, रांची में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों और उद्देश्यों को लेकर आयोजकों ने जानकारी साझा की।

सहाफी एसोसिएशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स, रांची के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में उर्दू भाषा और साहित्य के विकास के साथ उर्दू पत्रकारिता को प्रोत्साहन देने पर विशेष जोर रहेगा। इसके अलावा उर्दू से जुड़े लोगों के बीच आपसी एकजुटता, संवाद और सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने का प्रयास भी किया जाएगा।

पोस्टर लॉन्च के दौरान आयोजकों ने कहा कि उर्दू हमारी भाषा, पहचान और तहजीब की विरासत है। इसी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उर्दू भाषा, साहित्य व पत्रकारिता से जुड़े लोगों को एक साझा मंच देने के उद्देश्य से ‘जश्न-ए-उर्दू’ का आयोजन किया जा रहा है।

आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में उर्दू के शायरों, लेखकों, पत्रकारों, रिपोर्टरों और उर्दू भाषा से प्रेम रखने वाली विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, जबकि सम्मानित अतिथि के रूप में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन अंसारी और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा एनसीपीयूल, नई दिल्ली के निदेशक को विशेष आमंत्रित किया गया है।

पोस्टर विमोचन के मौके पर आयोजकों ने सभी सहाफियों यानी पत्रकारों, साहित्यकारों, शायरों और उर्दू प्रेमियों से 10 नवंबर को हज हाउस में होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। आयोजकों ने कहा कि यह आयोजन उर्दू की समृद्ध विरासत, साहित्य और पत्रकारिता को सम्मान देने के साथ समाज में आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

पोस्टर लॉन्च कार्यक्रम में सहाफी एसोसिएशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट के अध्यक्ष शाहीन अहमद, कार्यकारी अध्यक्ष आसिफ नईम, सचिव सैयद रमीज जावेद, नेहा वारसी और गुलाम शाहिद सहित कई पत्रकार मौजूद रहे। इनके अलावा पत्रकार मो. नौशाद, मोकर्रम हयात, असफर नवाज, नकी इमाम रिजवी, दानिश, आफताब आलम, इमरान, मेराज, अब्दुल गफ्फार, अशरफ अंसारी, एमएम राही, इलियास अंसारी, आमिर, अफरोज, आरिफ और मो. आसिफ समेत अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *