अबु रेहान
पिठौरिया : आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पिठौरिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएसपी अमर कुमार पांडे ने की। इस दौरान थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे समेत जनप्रतिनिधि, पूजा समितियों के पदाधिकारी, समाजसेवी, बुद्धिजीवी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था, पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और प्रतिमा विसर्जन के मार्ग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस पदाधिकारियों ने पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आयोजन को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की अपील की।
अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
डीएसपी अमर कुमार पांडे ने लोगों से दुर्गा पूजा के दौरान आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी खबर, वीडियो या सूचना को बिना सत्यापन के आगे न बढ़ाएं। किसी तरह की संदिग्ध सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी पुलिस की नजर
थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे ने कहा कि दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा लगातार गश्ती की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि हुड़दंग, नशाखोरी, अशोभनीय व्यवहार या शांति व्यवस्था भंग करने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पूजा समितियों और स्थानीय लोगों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
भाईचारे के साथ पूजा मनाने का लिया संकल्प
बैठक में एसआई सुनील दास, संजय कुमार, पूर्व जिप सदस्य ऐनुल हक अंसारी, पंचायत समिति सदस्य श्रवण गोप, इचापिड़ी पंचायत मुखिया लाखो उरांव, उप मुखिया मोहम्मद गुफरान अंसारी, कांके अंजुमन सेक्रेटरी मोहम्मद इरफान अहमद, वरिष्ठ समाजसेवी सुरेश राम, अनील केशरी, लालको प्रधान, झामुमो युवा नेता मोहम्मद वैश आलम, युवा नेता वसीम अकरम, सफदर अली, दीपक चौरसिया, सुल्तान आदिल, अज़हर अंसारी, हफीज अंसारी, सरवर खान, उज्ज्वल पहान, दीपक दास सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सभी ने आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा पर्व मनाने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने का संकल्प लिया।



