धनबाद। धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) की प्रबंध समिति ने शनिवार को बीसीसीआई के महिला तेज गेंदबाज कैंप के लिए आमंत्रित युवा क्रिकेटर अनंदिता किशोर को सम्मानित किया। डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें बुके एवं शॉल भेंट कर सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि अंडर-19 विश्व कप एवं एशिया कप के लिए भारतीय टीम में जगह बना चुकी अनंदिता धनबाद क्रिकेट की गौरव हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वह जल्द ही भारतीय सीनियर महिला टीम का भी हिस्सा बनेंगी।
सम्मान समारोह में अनंदिता किशोर ने अपनी सफलता का श्रेय डीसीए, अपने कोच और परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि डीसीए ने हर उपलब्धि पर उनका उत्साह बढ़ाया और हमेशा प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि धनबाद का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। अपने शुरुआती संघर्षों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि उनकी मां ने हमेशा उनका साथ दिया, जबकि राज्य टीम में चयन के बाद पिता का भी पूरा सहयोग मिला। अंडर-19 विश्व कप के दौरान अपेक्षित अवसर नहीं मिलने से निराशा हुई, लेकिन उसी अनुभव ने उन्हें और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
बैठक में डीसीए की प्रबंध समिति में शामिल किए गए नए सदस्यों अभिषेक सिंह, अनवर सिद्दीकी, शिव शक्ति एवं अशोक सराफ का परिचय भी कराया गया। अभिषेक सिंह ने कहा कि वे जिले में क्रिकेट के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
बैठक में डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार ने सत्र 2025-26 के सफल संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए बीसीसीएल, ईसीएल, टाटा स्टील, सभी प्रायोजकों, कोच, चयनकर्ताओं एवं सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि आगामी सत्र में डीसीए को कूच बिहार ट्रॉफी के एक मैच के आयोजन की जिम्मेदारी मिली है। प्रयास रहेगा कि यह मुकाबला रेलवे स्टेडियम में आयोजित हो। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसके सफल आयोजन से भविष्य में धनबाद को लंबे अंतराल के बाद रणजी ट्रॉफी मैचों की मेजबानी का अवसर भी मिल सकता है।
बैठक में महासचिव बिनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, डॉ. इश्तियाक अहमद, एस.एन. सिंह, जे.के. नैय्यर, रविजीत सिंह डांग, जावेद खान सहित डीसीए के पदाधिकारी, सदस्य एवं विशिष्ट आमंत्रित उपस्थित थे।




