ठेठईटांगर में जंगली हाथी का कहर, वृद्ध महिला को कुचलकर मार डाला

गोहरपहर पहाड़टोली में घर के पास हाथी ने वृद्ध महिला पर हमला किया, विधायक विक्सल कोंगाड़ी पहुंचे घटनास्थल; ग्रामीणों ने वन विभाग से कार्रवाई मांगी।

 

ठेठईटांगर I ठेठईटांगर प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार शाम जंगली हाथी के हमले से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। दुमकी पंचायत के गोहरपहर स्थित पहाड़टोली में झुंड से बिछड़े एक हाथी ने कमला देवी को कुचलकर मार डाला। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में हाथी के आतंक को लेकर भय के साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, कमला देवी मंगलवार शाम करीब छह बजे बरपानी से अपने घर गोहरपहर पहाड़टोली लौट रही थीं। बताया गया कि घर के समीप पहुंचते ही अचानक झुंड से बिछड़ा जंगली हाथी उनके सामने आ गया। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही हाथी ने उन पर हमला कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, हाथी ने महिला को अपनी सूंड में लपेटकर जमीन पर पटक दिया और फिर कुचल दिया। हमले में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद हाथी आसपास के क्षेत्र से होते हुए पास के जंगल की ओर चला गया।

 

घटना से गांव में पसरा मातम ->

 

वृद्ध महिला की मौत की खबर फैलते ही गोहरपहर और आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भय है कि जंगल में मौजूद हाथी दोबारा आबादी वाले क्षेत्र में प्रवेश कर सकता है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को आबादी वाले इलाकों से दूर रखने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की आवाजाही से क्षेत्र में लगातार खतरा बना हुआ है और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था जरूरी है।

विधायक ने घटनास्थल पहुंचकर लिया जायजा ->

 

 

घटना की सूचना मिलते ही कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी तत्काल घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घटना की जानकारी ली तथा प्रभावित परिवार और ग्रामीणों से बातचीत की।

घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी के आतंक से निजात दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। क्षेत्र में हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने की जरूरत को लेकर भी ग्रामीणों ने चिंता जताई है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *