अमृत भारत स्टेशन योजना की समीक्षा, 97 स्टेशनों पर काम में तेजी के निर्देश

पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने 97 अमृत भारत स्टेशनों के पुनर्विकास की समीक्षा की और गुणवत्ता के साथ तय समय में काम पूरा करने का निर्देश दिया।

मनीष सिन्हा 

हाजीपुर : पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने सोमवार को मुख्यालय, हाजीपुर में विभागाध्यक्षों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न स्टेशनों पर जारी निर्माण कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को पुनर्विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ जल्द मिल सके।

पूर्व मध्य रेल में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कुल 97 स्टेशनों का पुनर्विकास विभिन्न चरणों में चल रहा है। इनमें दानापुर मंडल के 22, सोनपुर मंडल के 16, धनबाद मंडल के 17, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के 17 और समस्तीपुर मंडल के 25 स्टेशन शामिल हैं।

रेलवे के अनुसार स्टेशन पुनर्विकास का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक रेल अवसंरचना के साथ सुरक्षित, स्मार्ट और आरामदायक यात्रा का अनुभव उपलब्ध कराना है। इसके तहत मौजूदा यात्री सुविधाओं का उन्नयन, सुविधाओं का विस्तार, स्टेशनों तक सुगम पहुंच और सुरक्षा मानकों को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित स्टेशनों को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप देने के साथ उनकी स्थानीय पहचान और सांस्कृतिक विरासत को भी संरक्षित किया जा रहा है। स्टेशन की वास्तुकला को संबंधित क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के अनुरूप विकसित करने की योजना है, जिससे आधुनिक सुविधाओं और स्थानीय परंपराओं का बेहतर समन्वय हो सके।

रेलवे का मानना है कि बेहतर स्टेशन और रेल संपर्क से स्थानीय व्यापार, कृषि गतिविधियों तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच और मजबूत होगी। यह पहल विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप रेलवे स्टेशनों को आधुनिक यात्री केंद्रों के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *