रामगढ़ । जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के जंगल में मंगलवार सुबह बम फटने से एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। विस्फोट में उसके एक हाथ के चिथड़े उड़ गए। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज किया और हाथ की ड्रेसिंग की। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
घायल की पहचान रामगढ़ के कांचन गुरियाही टोला निवासी शनिचर राम (55) के रूप में हुई है। शनिचर के अनुसार घटना मंगलवार सुबह करीब सात बजे की है। उसने पुलिस को बताया कि वह गांव से सटे जंगल में खुखड़ी चुनने गया था। खुखड़ी उखाड़ने के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ। जब उसने देखा तो उसका एक हाथ बुरी तरह लहूलुहान हो चुका था।
घायल ने बताया कि विस्फोट के बाद वह किसी तरह जख्मी हालत में अपने घर पहुंचा। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए रामगढ़ ले गए। वहां चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवाज ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे एमएमसीएच रेफर कर दिया। दोपहर करीब दो बजे अस्पताल में इलाज के दौरान शनिचर ने घटना के संबंध में जानकारी दी।
इधर, घटना को लेकर इलाके में दूसरी तरह की चर्चा भी है। स्थानीय स्तर पर यह बात सामने आ रही है कि शनिचर समेत कुछ अन्य लोग दिनाबार के जंगल में जंगली सूअर का शिकार करने गए थे। इसी दौरान बम विस्फोट होने की चर्चा है। हालांकि, यह बात अभी आधिकारिक रूप से पुष्ट नहीं हुई है। यह भी चर्चा है कि कार्रवाई से बचने के लिए घटना के संबंध में अलग बयान दिया जा रहा है।
रामगढ़ थाना प्रभारी ओम प्रकाश शाह ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किस सामग्री का इस्तेमाल किया गया था, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घायल से पूछताछ और घटनास्थल की जांच के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।




